International Yoga Day 2025: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: प्रधानमंत्री मोदी विशाखापट्टनम से करेंगे नेतृत्व, जानें इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की खास बातें।
आज है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025: दुनियाभर में योग का पर्व शुरू
21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का स्वागत कर रही है। भारत से लेकर अमेरिका तक, हर कोने में योग के इस उत्सव को लेकर विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। लोग न केवल योगाभ्यास करेंगे, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी संकल्प लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे योग कार्यक्रम का नेतृत्व
इस वर्ष का मुख्य कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के खूबसूरत शहर विशाखापट्टनम में आयोजित हो रहा है, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद योगाभ्यास का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ मंच साझा करेंगे राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण। यह आयोजन योग के वैश्विक प्रभाव को दर्शाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
थीम 2025: “Yoga for One Earth, One Health”
इस बार की थीम “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” रखी गई है। इसका उद्देश्य धरती और मानव स्वास्थ्य के बीच के गहरे रिश्ते को उजागर करना है। संदेश स्पष्ट है – अगर हमारा पर्यावरण स्वस्थ है, तो मानव जीवन भी संतुलित और मजबूत रहेगा।
#WATCH प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से #InternationalDayofYoga2025 मनाने में राष्ट्र का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी यहां योग सत्र में भाग ले रहे हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 21, 2025
(सोर्स: ANI/DD) pic.twitter.com/hAJ9nXs6Xq
विशाखापट्टनम में 26 किमी लंबा योग कार्यक्रम
आरके बीच से लेकर भोगापुरम तक फैले 26 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें करीब 3 लाख लोग एक साथ योग करेंगे। यह आयोजन रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना सकता है।
रात को विशाखापट्टनम पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार रात विशाखापट्टनम पहुंचे। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गौरव का क्षण है। मुख्यमंत्री नायडू ने जानकारी दी कि यह आयोजन सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक चलेगा और इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में तैयार किया गया है।
आदिवासी छात्र बनाएंगे अनोखा रिकॉर्ड
इस कार्यक्रम की एक और खासियत यह है कि 25,000 आदिवासी छात्र मिलकर 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे। इसका लक्ष्य एक साथ सबसे ज्यादा लोगों द्वारा सूर्य नमस्कार करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाना है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
आंध्र प्रदेश के डीजीपी हरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए 1,200 से अधिक CCTV कैमरे और ड्रोन लगाए गए हैं। इसके अलावा 10,000 पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे।

यह भी पढ़ें- yogasan for pachan tantra: रोजाना 5 मिनट ये योगासन करने से जड़ से दूर होगी पाचन की हर समस्या
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी करेंगे योग
इस दिन को और भी खास बनाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भारतीय सेना के जवानों के साथ योगाभ्यास करेंगे। यह आयोजन देश की एकता और योग के महत्व को दर्शाता है।
PM मोदी का संदेश: योग सभी का है, सभी के लिए है
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब 2014 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में 21 जून को योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा था, तब 175 देशों ने इसका समर्थन किया। यह वैश्विक एकजुटता योग के सार्वभौमिक महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि चाहे वह सिडनी ओपेरा हाउस हो या एवरेस्ट की ऊँचाइयाँ, योग ने हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
दुनिया को PM मोदी की चुनौती: 10% कम करें तेल का सेवन
पीएम मोदी ने योग दिवस के मौके पर एक अनोखा चैलेंज भी दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ता मोटापा एक वैश्विक चुनौती है और इसका समाधान संतुलित खान-पान और योग में छिपा है। उन्होंने सभी को अपने भोजन में 10% कम तेल उपयोग करने की चुनौती दी, जिससे लोग अधिक स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपना सकें।
International Yoga Day 2025
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक चेतना है जो मानवता को स्वस्थ, शांतिपूर्ण और संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री मोदी और आंध्र प्रदेश की सरकार ने इस अवसर को ऐतिहासिक बना दिया है। यह दिन न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बनकर उभरेगा।